कलेक्टर के निर्देश पर तिलकेजा में संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई…..
37 बोरी अवैध धान जब्त — अवैध कारोबार पर प्रशासन की सख़्त निगरानी

कोरबा कलेक्टर श्री अजीत बसंत के निर्देशानुसार अवैध धान क्रय–विक्रय के विरुद्ध जिले में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में आज तिलकेजा क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा छापेमारी की गई, जिसमें व्यापारी संतोष अग्रवाल के गोदाम से 37 बोरी (14.60 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध धान व्यापार किसानों के हितों के विपरीत है तथा सरकारी समर्थन मूल्य प्रणाली को बाधित करता है। अतः ऐसी गतिविधियों पर रोकथाम के लिए प्रशासन लगातार सतर्क है तथा आगामी समय में भी कड़े और निरंतर निरीक्षण किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री बसंत ने राजस्व, खाद्य, मंडी तथा पुलिस विभाग की टीमों को निर्देशित किया है कि—
संवेदनशील एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।
धान परिवहन पर चौकसी बढ़ाई जाए।
अवैध रूप से क्रय–विक्रय में संलग्न व्यक्तियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि अवैध धान क्रय–विक्रय की किसी भी सूचना को तत्काल संबंधित विभागों को अवगत कराएं, जिससे समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने पुनः स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की सुरक्षा और निष्पक्ष समर्थन मूल्य व्यवस्था सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध धान व्यापार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।




