https://diwanexpressnews.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

उपकेंद्र रंजना में धान खरीदी का शुभारंभ : परंपरागत विधि-विधानों के साथ शुरू हुआ खरीदी कार्य, किसानों में दिखा उत्साह…..

कोरबा/ कटघोरा :- समर्थन मूल्य पर धान खरीदी वर्ष 2025-26 का शुभारंभ आज आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित जवाली के अंतर्गत रंजना उपार्जन केंद्र में गरिमा पूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तौल–बाट की पूजा-अर्चना और श्रीफल फोड़कर की गई, जिसके बाद उपस्थित किसानों को प्रसाद और हार पहनाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर समिति नोडल अधिकारी अमृता श्रीवास्तव, प्राधिकृत अधिकारी एवं समिति प्रबंधक सुखदेव प्रसाद साहू, कंप्यूटर ऑपरेटर लक्ष्मी प्रसाद निषाद, राजकुमारी साहू, सहायक ऑपरेटर सूर्या, सरपंच ममता मरकाम सहित ग्राम के कई किसान और हितग्राही उपस्थित रहे।

सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य के अनुसार इस वर्ष सामान्य धान का भाव 2369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का भाव 2389 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है। साथ ही लघु एवं सीमांत कृषकों को अधिकतम दो और दीर्घ कृषकों को तीन टोकन जारी करने का प्रावधान रखा गया है। टोकन के लिए किसानों को खसरा, ऋण पुस्तिका और आधार कार्ड अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।

इस वर्ष 11 सप्ताह की कुल 78 दिवसीय अवधि में से 50 दिन धान खरीदी का कार्य किया जाएगा, जबकि शेष दिनों में शनिवार, रविवार और शासकीय अवकाश शामिल रहेंगे। शासन ने समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों के धान की नमी की जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए तथा साफ-सुथरा और मानक धान ही खरीदा जाए। धान उतारने के बाद ही ग्रेडिंग की जाएगी और किसानों को अपनी ऋण पुस्तिका एवं पासबुक किसी अन्य को न देने की सलाह दी गई।

उपार्जन केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए स्वच्छ पेयजल और प्राथमिक उपचार पेटी की व्यवस्था की गई है। इस वर्ष प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी की सीमा तय की गई है और विक्रय के एक सप्ताह के भीतर राशि किसानों के बैंक खातों में जमा कर दी जाएगी। रंजना उपकेंद्र में शुभारंभ के साथ ही खरीदी सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है और किसान समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने को लेकर उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!