बीजेपी विधायक चंद्रू लमानी ट्रैप में गिरफ्तार, ₹11 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप; दो सहयोगी भी हिरासत में, गडग में मचा हड़कंप….

बेंगलुरु/गडग : 21 फरवरी 2026कर्नाटक की राजनीति में शनिवार को बड़ा भूचाल आ गया, जब चंद्रू लमानी को लोकायुक्त पुलिस ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। शिरहट्टी विधानसभा क्षेत्र से विधायक लमानी पर एक ठेकेदार से काम की मंजूरी दिलाने के बदले ₹11 लाख की रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप है।
लोकायुक्त के मुताबिक, गडग जिले के चिंचली निवासी और माइनर इरिगेशन विभाग के क्लास-1 ठेकेदार विजय पुजार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विधायक और उनके सहयोगी सड़क किनारे रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य की स्वीकृति के बदले मोटी रकम की मांग कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर गडग लोकायुक्त पुलिस स्टेशन की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन अंजाम दिया।
₹5 लाख की अग्रिम राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ाए
सूत्रों के अनुसार, कुल ₹11 लाख की मांग में से ₹5 लाख की अग्रिम राशि लेते समय लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर विधायक को रंगे हाथों पकड़ लिया। मौके से कथित रिश्वत राशि सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जब्त किए गए।
इस कार्रवाई में विधायक के दो सहयोगियों — मंजूनाथ वाल्मीकि (निजी सहायक) और गुरुनायक (निजी सहयोगी) — को भी हिरासत में लिया गया है। तीनों से गहन पूछताछ जारी है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7(a) और 7(A) के तहत अपराध क्रमांक 02/2026 दर्ज किया है। अधिकारियों के अनुसार, ट्रैप ऑपरेशन पुलिस निरीक्षक परमेश कवटगी के नेतृत्व में, गडग डीएसपी की निगरानी और धारवाड़ एसपी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
राजनीतिक गलियारों में हलचल
विधायक की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही गडग सहित राज्यभर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विपक्ष ने मामले को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग की है, जबकि भाजपा की ओर से अब तक आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
लोकायुक्त ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जा रही है। सभी साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण किया जाएगा और जांच पूर्ण होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह गिरफ्तारी राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत एक बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है, जिसने सत्ता और प्रशासनिक तंत्र दोनों में हड़कंप मचा दिया है।




