https://diwanexpressnews.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifक्राइमछत्तीसगढ़टेक्नोलॉजीटॉप न्यूज़राज्यलोकल न्यूज़

साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता और सावधानी बेहद जरूरी : कलेक्टर कुणाल दुदावत…..

सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर जिला प्रशासन ने किया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

कोरबा : डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जागरूक करने तथा सुरक्षित व जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, कोरबा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने की।

इस अवसर पर जिला एनआईसी अधिकारी श्री हेमंत जायसवाल द्वारा पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, साइबर खतरों की पहचान, डेटा गोपनीयता तथा डिजिटल सतर्कता के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान जिला आईटी टीम ने सुरक्षित इंटरनेट दिवस की महत्ता बताते हुए साइबर जागरूकता, सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन डेटा संरक्षण तथा बच्चों एवं संवेदनशील वर्गों की डिजिटल सुरक्षा जैसे अहम विषयों पर प्रकाश डाला। टीम ने जानकारी दी कि सेफर इंटरनेट डे प्रतिवर्ष फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को विश्वभर में मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सुरक्षित, नैतिक एवं जिम्मेदार उपयोग को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कहा कि “साइबर अपराध का शिकार कोई भी हो सकता है, इसलिए हर व्यक्ति को अत्यंत सतर्क और सावधान रहने की आवश्यकता है।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल या संदेश पर विश्वास न करें और ओटीपी, बैंक विवरण अथवा व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

कलेक्टर ने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या अपराध की स्थिति में नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल अथवा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराधों की पहचान, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा सरकारी रिपोर्टिंग प्रणाली की जानकारी देकर डिजिटल सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।

इस दौरान भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा भी अपने मानकों, गतिविधियों एवं उपभोक्ता जागरूकता से संबंधित जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम में निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल, एसडीएम कटघोरा श्री तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर श्री क्षितिज गुरभेले, ईडीएम सुश्री शिखा राजपूत, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!