भाजपा संगठन में बवाल! बिना सदस्यता-सक्रियता के ही योगेश शर्मा बने जिला खेल एवं कला सह-प्रमुख, पुराने कार्यकर्ताओं में फूटा आक्रोश……

कोरबा। भारतीय जनता पार्टी के संगठन में एक नियुक्ति को लेकर इन दिनों जबरदस्त चर्चा और असंतोष का माहौल बन गया है। हाल ही में योगेश शर्मा को जिला खेल एवं कला सह-प्रमुख की अहम जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं के बीच नाराज़गी खुलकर सामने आने लगी है।
सूत्रों के मुताबिक, संगठन के कई कार्यकर्ताओं का दावा है कि योगेश शर्मा न तो मंडल स्तर पर कभी सक्रिय कार्यकर्ता रहे, न ही उनका नाम सक्रिय सदस्यता सूची में रहा और न ही वे प्राथमिक सदस्य या मंडल सदस्य के रूप में संगठन से जुड़े रहे। इसके बावजूद सीधे जिला स्तर का महत्वपूर्ण पद मिलना कार्यकर्ताओं के लिए हैरानी और सवालों का विषय बन गया है।
पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं का कहना है कि वर्षों से संगठन की विचारधारा को लेकर बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर इस तरह की नियुक्ति करना बेहद निराशाजनक है। कई कार्यकर्ताओं का यह भी कहना है कि संगठन में लंबे समय से सक्रिय और अनुभवी कार्यकर्ता मौजूद हैं, जिन्हें इस जिम्मेदारी के लिए अधिक उपयुक्त माना जा सकता था।
इस नियुक्ति के बाद अब संगठन के अंदर ही “मेहनत करने वालों को किनारे और नए लोगों को सीधे पद” देने की चर्चा तेज हो गई है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यदि इसी तरह समर्पित और पुराने कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जाएगा, तो इससे संगठन की जमीनी मजबूती पर असर पड़ सकता है।
मामले को लेकर कई कार्यकर्ताओं ने संगठन के वरिष्ठ नेताओं से इस नियुक्ति की समीक्षा करने और पारदर्शिता बनाए रखने की मांग भी उठाई है। वहीं यह मुद्दा अब संगठन के भीतर ही गंभीर बहस और असंतोष का कारण बनता नजर आ रहा है।
अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस बढ़ती नाराज़गी और उठते सवालों के बीच क्या कदम उठाता है।



