महानदी पुल के नीचे युवक की संदिग्ध मौत: सुसाइड या साजिश? पुलिस जांच में जुटी…..

ममता यादव की खास रिपोर्ट
आरंग, 20 मार्च। राजधानी रायपुर से सटे आरंग थाना क्षेत्र में आज सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नेशनल हाईवे-53 पर स्थित महानदी पुल के नीचे एक युवक का शव बरामद हुआ।
मृतक की पहचान ग्राम पारागांव निवासी 18 वर्षीय प्रेमलाल पाल, पिता राजाराम पाल के रूप में की गई है। घटना ने पूरे इलाके में दहशत और सवाल दोनों खड़े कर दिए हैं—क्या यह आत्महत्या है या किसी साजिश का नतीजा?
परिजनों के अनुसार, प्रेमलाल गुरुवार शाम अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था। रास्ते में निसदा मोड़ के पास आइसक्रीम खाने के लिए रुकने की बात सामने आई है। इसके बाद से वह अचानक लापता हो गया। पूरी रात तलाश के बाद सुबह उसकी लाश पुल के नीचे मिलने की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया।
सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी हरीश साहू के मुताबिक, मृतक लंबे समय से शारीरिक परेशानियों के चलते मानसिक तनाव में था। मौत से पहले उसने अपने भाई को व्हाट्सएप पर भावनात्मक संदेश भी भेजा था, जिससे पुलिस आत्महत्या की दिशा में जांच कर रही है।
हालांकि, मामले में कई सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं। पुलिस का कहना है कि शव पर प्रथम दृष्टया किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगा।
इलाके में चर्चा तेज, हर एंगल से जांच जारी
घटना के बाद पारागांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। युवक की अचानक मौत ने लोगों को हैरान कर दिया है। पुलिस हर पहलू—सुसाइड, एक्सीडेंट या किसी संभावित आपराधिक साजिश—को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
फिलहाल, इस रहस्यमयी मौत का सच पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा, लेकिन एक युवा जिंदगी का यूं अचानक खत्म हो जाना पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में छोड़ गया है।




