रायपुर स्टेशन पर अवैध वेंडरों पर बड़ी कार्रवाई, 5 गिरफ्तार — 456 नकली पानी बोतल जब्त, चला मेगा जांच अभियान…..

ममता यादव की खास रिपोर्ट
रायपुर। यात्रियों की सुरक्षा और खानपान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए रायपुर स्टेशन पर अनाधिकृत वेंडरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी के निर्देशन में 17 मार्च दोपहर 2 बजे से 18 मार्च सुबह 8 बजे तक चले इस औचक अभियान में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए।
रेलवे के वाणिज्य विभाग द्वारा चलाए गए इस गहन जांच अभियान में स्टेशन से गुजरने वाली लगभग सभी ट्रेनों की सघन तलाशी ली गई, खासकर रात में चलने वाली ट्रेनों पर विशेष फोकस रखा गया।
👉 क्या-क्या हुआ कार्रवाई में:
🔹 5 अवैध वेंडर गिरफ्तार
स्टेशन और ट्रेनों में अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेच रहे 5 वेंडरों को पकड़कर आरपीएफ के हवाले किया गया। इनके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 144 और 147 के तहत मामला दर्ज किया गया।
🔹 456 नकली पानी की बोतलें जब्त
जांच के दौरान अनाधिकृत ब्रांड की 456 पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (PDW) बोतलें बरामद की गईं। सभी बोतलों को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए पार्सल विभाग को सौंप दिया गया।
🔹 बिना बुकिंग का भारी सामान पकड़ा
करीब 2 क्विंटल बिना बुकिंग के माल को भी पकड़ा गया, जिस पर 2500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
👉 गोपनीय रणनीति के तहत चल रहा अभियान
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान गोपनीय योजना के तहत शुरू किया गया है, जिससे अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराना ही इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य है।
👉 आगे भी जारी रहेगी सख्ती
रेलवे अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।
📌 संदेश साफ है — अब रेलवे में अवैध वेंडरों की खैर नहीं!




