सुशासन तिहार बना जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम — कलेक्टर कुणाल दुदावत…..
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

सुशासन तिहार, मुख्यमंत्री जनदर्शन और एग्रीस्टेक पंजीयन की हुई गहन समीक्षा

कोरबा, 12 मई 2026 जिले में सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में मुख्यमंत्री जनदर्शन, सुशासन तिहार, राजस्व प्रकरणों, राशन वितरण, निर्माण कार्यों, एग्रीस्टेक पोर्टल तथा जनगणना 2027 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि “सुशासन तिहार केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास, संवाद और समाधान का सशक्त अभियान है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर स्थलों पर निर्धारित समय तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर प्रत्येक नागरिक की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनें तथा मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
लंबित आवेदनों पर कड़ा रुख, जनपद सीईओ को नोटिस के निर्देश
सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के दौरान कई मामलों में विलंब पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। शिविर संपन्न होने के कई दिन बाद भी आवेदनों का निराकरण नहीं करने पर जनपद पंचायत करतला के सीईओ को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बिजली, राशन, पेंशन और मनरेगा मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि खराब ट्रांसफार्मर एवं बिजली बिल सुधार से जुड़ी शिकायतों का निराकरण 7 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। अन्य आवेदनों के लिए 15 दिन की समय-सीमा निर्धारित की गई।
उन्होंने सभी एसडीएम को राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, पेंशन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
राशन वितरण में तेजी लाने के निर्देश
जिले में राशन भंडारण एवं वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शहरी क्षेत्रों में पार्षदों एवं निगम कर्मचारियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारी, सरपंच, सचिव और कोटवारों के माध्यम से वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन 10 प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय करते हुए खाद्य निरीक्षकों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
ग्राम पंचायतों में गबन पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों की राशि के गबन के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने दोषी सरपंचों के खिलाफ वसूली प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एग्रीस्टेक पोर्टल में मई तक शत-प्रतिशत किसान पंजीयन का लक्ष्य
कलेक्टर श्री दुदावत ने एग्रीस्टेक पोर्टल की समीक्षा करते हुए एसडीएम, पटवारी, वीएलई और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को मई माह तक जिले के सभी किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग एवं सहकारिता विभाग के समन्वय से प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष जोर
जिला खनिज न्यास संस्थान के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आगामी तीन माह के भीतर प्रशासकीय स्वीकृति जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मई तक तकनीकी प्राक्कलन तथा जून तक शत-प्रतिशत प्रशासकीय स्वीकृति पूर्ण करने को कहा। साथ ही निर्माण पोर्टल पर स्पष्ट फोटोग्राफ अपलोड करने तथा गुणवत्ता से समझौता न करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन और ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं पर विशेष फोकस
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन अंतर्गत लंबित प्रकरणों का दो दिवस के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-डिस्ट्रिक्ट (सेवा सेतु पोर्टल) की सेवाओं का लाभ समय-सीमा में आमजन तक पहुंचाने तथा आगामी दिनों में प्राप्त होने वाले सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जनगणना 2027 और शिक्षा विभाग की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए चार्ज अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी को आगामी शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पहले विद्यार्थियों का बायोमैट्रिक सत्यापन पूर्ण करने के निर्देश भी दिए यूगए।
बैठक में डीएफओ निशांत कुमार, निगमायुक्त आशुतोष पांडेय, सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, ओंकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित




