रायपुर में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार: 676 निट्राजेपाम टैबलेट के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, हथियार और वाहन भी जब्त….

ममता यादव की खास रिपोर्ट
रायपुर, 21 मार्च 2026। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए एक बड़े गिरोह की कमर तोड़ दी है। सुनियोजित कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवा निट्राजेपाम की 676 गोलियां बरामद की हैं। साथ ही एक बटनदार चाकू, तीन मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 17 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुढ़ियारी थाना टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि कलिंग नगर स्थित सीएसईबी मैदान के पास दो युवक नशीली टैबलेट की अवैध बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल रणनीति बनाकर मौके पर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को रंगे हाथों धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपियों से नशे के इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे रैकेट की जड़ तक पहुंचने के लिए गहन जांच में जुट गई है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
इस कार्रवाई को राजधानी में बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



