“बिजली संकट से उबल पड़ा परसान! घंटों अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीणों ने प्रशासन को दी चेतावनी, कहा— दो दिन में समाधान नहीं तो होगा जनआंदोलन”……
बिना सूचना घंटों बिजली गुल, बच्चों की पढ़ाई चौपट, मरीज बेहाल, चोरी का बढ़ा खतरा; ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन।

कोरबा/पसान।:- जिला कोरबा के तहसील पसान अंतर्गत ग्राम परसान में लगातार बनी हुई बिजली संकट की समस्या अब ग्रामीणों के सब्र की सीमा पार करती नजर आ रही है। आए दिन घंटों तक बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने एकजुट होकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो पूरे गांव के लोग लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई महीनों से गांव में बार-बार बिजली कटने की समस्या लगातार बनी हुई है। कई-कई घंटे तक बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। रात के समय पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है, जिससे चोरी और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। गर्मी और उमस के बीच लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि गांव में बीमार और बुजुर्ग लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से आवश्यक चिकित्सा उपकरणों का उपयोग प्रभावित होता है, जिससे मरीजों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, बार-बार होने वाली कटौती पर रोक लगे तथा नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया है कि यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो पूरे गांव के लोग आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्युत वितरण विभाग एवं जिम्मेदार अधिकारियों की होगी।



