कोरबा जिले में पेट्रोल-डीजल एवं एलपीजी का पर्याप्त भंडारण, आम नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं….
जिला प्रशासन ने जारी की स्थिति रिपोर्ट, सभी पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

कोरबा, 14 मई 2026। जिला प्रशासन एवं ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा जारी अद्यतन जानकारी के अनुसार कोरबा जिले में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिले में किसी भी प्रकार की कमी या आपूर्ति बाधित होने की स्थिति नहीं है। आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकतानुसार सामान्य रूप से ईंधन एवं गैस का उपयोग करें।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPC) एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPC) के कुल 104 रिटेल आउटलेट संचालित हैं, जहां पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। वर्तमान में जिले में एमएस (पेट्रोल) एवं एचएसडी (डीजल) का पर्याप्त स्टॉक सुरक्षित रखा गया है, जिससे आगामी दिनों तक निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित रहेगी।
इसी प्रकार घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का भी पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। जिले में कुल 28 वितरकों के माध्यम से 3 लाख 14 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में हजारों सिलेंडरों का स्टॉक सुरक्षित है तथा लगातार रिफिलिंग एवं आपूर्ति की प्रक्रिया जारी है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन एवं गैस आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह सामान्य एवं नियंत्रण में है। सभी संबंधित विभाग एवं ऑयल कंपनियां सतत निगरानी बनाए हुए हैं ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर कार्यालय से जारी अपील में कहा गया है कि नागरिक अनावश्यक भीड़ न लगाएं तथा शांति एवं संयम बनाए रखें। प्रशासन द्वारा आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।




