कोरबा में बढ़ते अपराधों पर सांसद ज्योत्सना महंत की बड़ी पहल, नई पुलिस चौकियों की मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री को लिखा पत्र……
चोरी, लूट, हत्या, डीजल-कोयला चोरी और आगजनी की घटनाओं पर जताई चिंता, छुरी, कोरबी (चतुरा), पिपरिया (पसान) और पाली-पोड़ी क्षेत्र में पुलिस चौकियां खोलने की मांग

कोरबा। जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा को विस्तृत पत्र लिखकर जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में नई पुलिस चौकियां स्थापित करने की मांग की है।
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कोरबा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बीते कुछ समय से चोरी, डकैती, हत्या, लूटपाट, आगजनी, डीजल चोरी तथा कोयला चोरी जैसी आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। इन घटनाओं के कारण आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को अपने जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता सताने लगी है, जबकि व्यापारियों और आम लोगों में भी अपराधियों के बढ़ते हौसलों को लेकर नाराजगी है।

सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे कोरबा जिले में आबादी और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के अनुरूप पुलिस व्यवस्था को भी सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता है। कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां पुलिस चौकी या थाना काफी दूर होने के कारण घटनास्थल तक पुलिस के पहुंचने में विलंब होता है, जिससे अपराधियों को भागने का अवसर मिल जाता है। यदि संवेदनशील क्षेत्रों में नई पुलिस चौकियां स्थापित की जाती हैं तो पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित होगी, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा और लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
इसी उद्देश्य से सांसद ने ग्राम छुरी, कोरबी (धतूरा), पिपरिया (पसान) तथा पाली-पोड़ी क्षेत्र में नई पुलिस चौकियों की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया है। उन्होंने पत्र में कहा है कि इन क्षेत्रों में पुलिस चौकियों की स्थापना से न केवल अपराधों पर अंकुश लगेगा बल्कि ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को भी राहत मिलेगी। साथ ही औद्योगिक और खनिज क्षेत्रों में होने वाली अवैध गतिविधियों पर भी प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।
सांसद ने उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री से आग्रह किया है कि जनहित और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण कायम हो सके।
इस संबंध में सांसद ने अपने पत्र की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तथा कोरबा पुलिस अधीक्षक (एसपी) को भी आवश्यक कार्रवाई एवं उचित पहल के लिए प्रेषित की है।
सांसद की इस पहल को जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों को उम्मीद है कि राज्य सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र नई पुलिस चौकियों की स्वीकृति प्रदान करेगी, जिससे कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।




