खनिज विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन: अवैध खनन माफियाओं में मचा हड़कंप, 4 ट्रैक्टर, 3 टीपर, जेसीबी और हाइवा समेत 9 वाहन जब्त…..
जिलेभर में विशेष अभियान, कई थाना क्षेत्रों में एक साथ हुई कार्रवाई; अवैध खनन और परिवहन पर प्रशासन का कड़ा प्रहार

कोरबा, 03 जुलाई 2026। :_ कलेक्टर के निर्देश एवं खनिज विभाग के विशेष अभियान के तहत जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है। खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त 4 ट्रैक्टर, 3 टीपर, 1 जेसीबी तथा 1 हाइवा सहित कुल 9 वाहनों को जब्त किया है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है।

खनिज विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जिले के भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी, सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पाली, ढुकुपथरा, बाल्को, कसनिया, कटघोरा, उरगा, पताढ़ी सहित अनेक संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच एवं छापेमार कार्रवाई की गई। जांच के दौरान कई वाहन बिना वैध अनुमति एवं दस्तावेजों के खनिजों का परिवहन करते पाए गए।

कार्रवाई के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर, 2 टीपर और 1 जेसीबी को जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त लाल ईंट का अवैध परिवहन करते हुए 1 टीपर तथा निम्न श्रेणी चूना पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए 1 हाइवा को भी विभाग ने अपने कब्जे में लिया। जब्त किए गए वाहनों को थाना पाली, थाना सिविल लाइन रामपुर, थाना हरदीबाजार, खनिज जांच नाका उरगा तथा खनिज जांच नाका कटघोरा की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की प्राथमिकता प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखना तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है। अवैध खनन से न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचता है, बल्कि पर्यावरण और नदी-नालों की प्राकृतिक संरचना पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी कारण प्रशासन इस तरह की गतिविधियों के विरुद्ध शून्य सहिष्णुता की नीति पर कार्य कर रहा है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा अन्य प्रासंगिक वैधानिक प्रावधानों के तहत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या वाहन संचालक को बख्शा नहीं जाएगा।
विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन, परिवहन या खनिजों के अवैध भंडारण की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन या खनिज विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
खनिज विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जिलेभर में इसी प्रकार की आकस्मिक जांच और छापेमार कार्रवाई और अधिक तेज की जाएगी। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि अवैध खनन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और प्राकृतिक संपदा की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




