https://diwanexpressnews.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifक्राइमछत्तीसगढ़टेक्नोलॉजीटॉप न्यूज़देशराज्यलोकल न्यूज़

थाना से महज 100 मीटर दूर सरकारी दफ्तरों में धड़ल्ले से चोरी, 5 एसी के आउटडोर यूनिट उखाड़ ले गए चोर…..

कटघोरा पुलिस को खुली चुनौती! दो दिनों में दो सरकारी कार्यालय बने निशाना, गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

कोरबा/कटघोरा :_ कटघोरा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस और कानून का जरा भी डर नहीं रह गया है। इसका ताजा उदाहरण कटघोरा तहसील कार्यालय परिसर में देखने को मिला, जहां पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित दो महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों में लगातार दो दिनों तक चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। चोर एसडीएम कार्यालय और कृषि विभाग कार्यालय से कुल 5 एयर कंडीशनर (एसी) के आउटडोर यूनिट उखाड़कर फरार हो गए।

सबसे हैरानी की बात यह है कि पहली चोरी के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था नहीं बढ़ाई गई, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने अगले ही दिन फिर उसी परिसर में दूसरी बड़ी चोरी कर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

पहले एसडीएम कार्यालय, फिर कृषि विभाग बना निशाना

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले देर रात अज्ञात चोरों ने तहसील परिसर में स्थित एसडीएम कार्यालय को निशाना बनाया और वहां लगे दो एसी के आउटडोर यूनिट खोलकर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था में कोई विशेष बदलाव नहीं किया गया।

इसी लापरवाही का फायदा उठाते हुए बीती रात चोरों ने परिसर में स्थित कृषि विभाग कार्यालय में धावा बोला और वहां लगे तीन एसी के आउटडोर यूनिट भी चोरी कर लिए। लगातार दो दिनों तक हुई इन घटनाओं ने सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

थाने की नाक के नीचे चोरी, गश्त पर उठे गंभीर सवाल

कटघोरा थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित सरकारी कार्यालयों में लगातार चोरी होना पुलिस की रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा रहा है। जिस स्थान को सबसे सुरक्षित माना जाता है, वहीं चोर बेखौफ होकर घंटों तक एसी के भारी-भरकम आउटडोर यूनिट खोलकर ले जाते रहे और पुलिस को भनक तक नहीं लगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस थाने के इतने नजदीक स्थित सरकारी कार्यालय सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों के घर, दुकान और प्रतिष्ठान कितने सुरक्षित होंगे, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

एक के बाद एक वारदातों से दहशत का माहौल

कटघोरा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में क्षेत्र के एक ज्वेलर्स प्रतिष्ठान में हुई बड़ी लूट की वारदात अभी लोगों के जेहन से उतरी भी नहीं थी कि अब सरकारी कार्यालयों को निशाना बना लिया गया।

इतना ही नहीं, शुक्रवार को ही सिंघिया क्षेत्र में चोरों ने सेंध लगाकर एक साथ करीब 30 बकरियां चोरी कर लीं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने ग्रामीणों, व्यापारियों और आम नागरिकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

उच्च अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद बेखौफ चोर

ज्वेलर्स लूटकांड की जांच को लेकर पिछले कई दिनों से पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी कटघोरा में डेरा डाले हुए हैं। इसके बावजूद चोरों द्वारा लगातार वारदातों को अंजाम देना पुलिस की कार्यप्रणाली और अपराध नियंत्रण की रणनीति पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोग पूछ रहे हैं कि जब वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में ही चोर इतने बेखौफ हैं, तो सामान्य दिनों में हालात कैसे होंगे?

जनता में बढ़ा आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी और असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने तथा चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

फिलहाल कटघोरा पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। हालांकि लगातार हुई इन वारदातों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इन चोरियों का खुलासा कर आरोपियों तक कब पहुंचती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!