कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर में कृषक चौपालों का महाअभियान….
11 फरवरी से 03 मार्च तक हर गांव में पहुंचेगी पीएम धन-धान्य कृषि योजना

कोरबा, 10 फरवरी 2026 कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत (भा.प्र.से.) के निर्देशानुसार जिले में कृषि विकास को नई गति देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (पी.एम.डी.डी.के.वाई.) के अंतर्गत 11 फरवरी से 03 मार्च 2026 तक जिले के प्रत्येक ग्राम एवं ग्राम पंचायत में कृषक चौपालों का व्यापक आयोजन किया जा रहा है।
इन चौपालों के माध्यम से योजना अंतर्गत निर्धारित संकेतकवार प्रगति सुनिश्चित करने एवं परिपूर्णता अभियान को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने पर विशेष फोकस किया जाएगा।
भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा वर्ष 2025-26 से देश के 100 आकांक्षी जिलों के समग्र कृषि विकास हेतु प्रारंभ की गई इस महत्वाकांक्षी योजना में 11 मंत्रालयों/विभागों की 36 योजनाएँ एवं 119 प्रमुख प्रदर्शन संकेतक सम्मिलित हैं, जिनके आधार पर जिलों की प्रगति और राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिंग निर्धारित की जाएगी।
कृषक चौपालों में किसानों को मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ
कृषक चौपालों के माध्यम से किसानों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ते हुए शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित की जाएगी, जिनमें प्रमुख रूप से—
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना
फार्मर रजिस्ट्री एवं किसान क्रेडिट कार्ड
मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण
एफ.पी.ओ. सदस्यता विस्तार
डी.सी.एस. के माध्यम से रबी गिरदावरी
नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के अंतर्गत नवीन क्लस्टर चयन
ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर दलहन, तिलहन एवं मक्का को प्रोत्साहन
प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत ड्रिप एवं स्प्रिंकलर विस्तार
किसान समृद्धि योजना के तहत नलकूप स्थापना
शाकम्भरी योजना अंतर्गत सिंचाई हेतु पंप वितरण
कृषि यांत्रिकीकरण योजना अंतर्गत कृषि यंत्र वितरण
खरीफ 2026-27 हेतु दलहन, तिलहन एवं मिलेट फसलों का क्षेत्र विस्तार
खरीफ 2026-27 के लिए अग्रिम खाद उठाव
जैसी गतिविधियों पर विशेष परिपूर्णता अभियान चलाया जाएगा।
अधिकारियों को मिले स्पष्ट निर्देश
दिनांक 10 फरवरी 2026 को कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री दिनेश नाग द्वारा गूगल मीट के माध्यम से कृषक चौपालों में ड्यूटी प्राप्त समस्त अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समन्वित प्रयासों पर विशेष जोर
कृषक चौपालों को सफल बनाने हेतु लोक सेवा केंद्रों के वी.एल.ई., सहकारी समितियाँ, ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने निर्देशित किया गया है।
साथ ही ई–जिला प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित को आवश्यक समन्वय हेतु दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
यह अभियान जिले के किसानों को योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाने, कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा आकांक्षी जिला कार्यक्रम में कोरबा को अग्रणी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।




