कोरबा आबकारी विभाग की पहल: नशा मुक्त भारत अभियान के तहत निकाली गई जनजागरण रैली, युवाओं से नशा छोड़ने की भावुक अपील……

संवाददाता :_ नतेंद्र सिंह तंवर
कोरबा। जिले में संचालित “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत कोरबा आबकारी विभाग द्वारा ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से एक विशाल जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ एकजुटता का परिचय दिया और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

रैली का नेतृत्व कोरबा आबकारी विभाग के अधिकारियों ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ गांव की गलियों और प्रमुख मार्गों पर भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने हाथों में बैनर एवं संदेश-पट्टिकाएं लेकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने कहा कि आज नशा युवाओं के भविष्य को खोखला कर रहा है। शराब, तंबाकू, गुटखा एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से न केवल स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि परिवारों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति भी कमजोर होती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि जो युवक नशे की गिरफ्त में आ चुके हैं, उन्हें तिरस्कृत करने के बजाय प्रेम, परामर्श और सहयोग के माध्यम से नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें।
रैली के दौरान “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “युवा शक्ति का यही संदेश, नशामुक्त हो अपना देश”, “नशे से दूरी, जीवन में खुशहाली जरूरी” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जनप्रतिनिधियों ने भी युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
यह अभियान केवल एक रैली नहीं, बल्कि समाज को नशे की बुराई से मुक्त कराने का एक सशक्त जनआंदोलन है। यदि समाज, प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर प्रयास करें, तो नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं को नई दिशा देकर उनके जीवन को फिर से सफलता, सम्मान और खुशहाली की राह पर लाया जा सकता है।




