शिक्षक बने कलेक्टर कुणाल दुदावत, भौतिकी पढ़ाकर विद्यार्थियों में जगाया वैज्ञानिक सोच का उत्साह.….

कोरबा, 05 अगस्त 2026 :- प्रशासनिक दायित्वों के साथ शिक्षा के प्रति अपनी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लमना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे केवल व्यवस्थाओं का जायजा लेने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि स्वयं शिक्षक बनकर विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और भौतिकी का पाठ पढ़ाकर उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का प्रेरक संदेश दिया।
लमना में विद्यार्थियों से जाना स्कूल की जरूरतों का हाल, बेहतर सुविधाओं के लिए दिए आवश्यक निर्देश। कलेक्टर ने कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद कर विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, परीक्षा की तैयारी, पसंदीदा विषयों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने प्रयोगशाला, पुस्तकालय, खेल सामग्री, पृथक शौचालय, कक्षाओं में सीपेज तथा प्रकाश व्यवस्था जैसी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन नए विद्यालय भवन को जल्द पूर्ण कराने पर भी जोर दिया।

संवाद के दौरान कलेक्टर पूरी तरह शिक्षक की भूमिका में नजर आए। उन्होंने कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को भौतिक विज्ञान के महत्वपूर्ण विषय—भौतिक मात्रक, सदिश एवं अदिश राशियां, चाल, समय, दूरी तथा विस्थापन—को अत्यंत सरल और व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से समाधान किया। उनकी शिक्षण शैली ने बच्चों में विज्ञान के प्रति नई जिज्ञासा और आत्मविश्वास का संचार किया।
“सपनों को लक्ष्य बनाकर मेहनत करें, सफलता निश्चित मिलेगी”—कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय का सदुपयोग और कठिन परिश्रम ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी लगन से मेहनत करने का आह्वान किया।
मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क नीट-जेईई कोचिंग सहित शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं की दी जानकारी। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को जिला प्रशासन द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं—नीट एवं जेईई—की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभा की राह में बाधा न बने।
उन्होंने यह भी बताया कि जिन विद्यालयों का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहेगा, वहां के विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से इसरो जैसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण का अवसर दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार की दुनिया को करीब से समझने का अवसर मिलेगा तथा उनमें नए सपने देखने और उन्हें साकार करने का आत्मविश्वास विकसित होगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों के साथ बैठक कर शिक्षकों की उपलब्धता, शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा परिणाम तथा विद्यालय संचालन की समीक्षा की। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, नवाचार और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा श्री मनोज बंजारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




