ग्राम पंचायत बैरा में सुशासन तिहार: योजनाओं की सौगात से खिले ग्रामीणों के चेहरे, 57 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण……

कोरबा, 11 मई 2026 ग्रामीण विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्राम पंचायत बैरा में सुशासन तिहार का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और जागरूकता का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष श्रीमती माधुरी देवी तवर रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति देवी मरावी, जनपद उपाध्यक्ष श्री प्रकाश चन्द्र जाखड़, जनपद सदस्य श्री तिवारी सिंह मरावी एवं श्री आनंद आयाम, एसडीएम श्री मनोज बंजारे, ग्राम पंचायत बैरा के सरपंच श्री सहदेव अरमो सहित आसपास की पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं सरपंच उपस्थित रहे।

सुशासन तिहार के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। मनरेगा योजना अंतर्गत 13 हितग्राहियों को जॉब कार्ड वितरित किए गए, जबकि खाद्य विभाग द्वारा 20 पात्र परिवारों को राशन कार्ड प्रदान कर खाद्य सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना के तहत श्री गोपाल सिंह को लाभान्वित किया गया। वहीं उद्यानिकी विभाग द्वारा किसानों एवं ग्रामीणों को सब्जी बीज किट वितरित कर स्वरोजगार और पोषण सुरक्षा को बढ़ावा दिया गया। इस दौरान श्री ओम प्रकाश, श्री रामप्रसाद, श्री प्रिंस मित्तल, श्रीमती जुग्गी बाई, श्री सेडू राम एवं श्री अंगद सिंह को बीज किट प्रदान की गई।
मत्स्य विभाग द्वारा जय लक्ष्मी स्व सहायता समूह, पसान को मछली जाल वितरित कर आजीविका संवर्धन को प्रोत्साहित किया गया। कृषि एवं सहकारिता विभाग ने 10 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड तथा 13 किसानों को फार्मर आईडी प्रदान कर उन्हें कृषि योजनाओं से जोड़ने की दिशा में पहल की।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान भारत योजना के तहत हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिससे ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों द्वारा 4 हितग्राहियों को ऋण चेक वितरित कर आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में सहयोग प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि श्रीमती माधुरी देवी तवर ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं संवेदनशील तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
शिविर के दौरान कुल 628 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 57 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। यह त्वरित कार्यवाही शासन की जवाबदेही और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
ग्राम पंचायत बैरा में आयोजित यह सुशासन तिहार ग्रामीणों के लिए केवल एक शिविर नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास, संवाद और विकास का मजबूत सेतु साबित हुआ।




