सुप्रीम कोर्ट ने दी बड़ी राहत: स्पेशल लोक अदालत के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक बढ़ी…..
21, 22 और 23 अगस्त को होगा ‘समाधान समारोह’, वर्षों से लंबित मामलों के त्वरित निपटारे का सुनहरा अवसर

कोरबा, 01 जुलाई 2026 :_ वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे पक्षकारों के लिए राहत भरी खबर है। उच्चतम न्यायालय द्वारा आयोजित होने वाली स्पेशल लोक अदालत (समाधान समारोह) के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 कर दी गई है। अब ऐसे सभी पक्षकार, जिनके मामले 31 मई 2026 तक उच्चतम न्यायालय में लंबित हैं और जो पहले आवेदन नहीं कर सके थे, वे विस्तारित समय-सीमा का लाभ उठाकर अपने प्रकरण के शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
उच्चतम न्यायालय, भारत के अनुसंधान एवं योजना केंद्र, तिलक मार्ग, नई दिल्ली द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, पूर्व में आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित थी। आम नागरिकों की सुविधा और अधिक से अधिक मामलों के समाधान को ध्यान में रखते हुए इसे बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित उच्चतम न्यायालय परिसर में स्पेशल लोक अदालत (समाधान समारोह) का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष आयोजन में आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर लंबित मामलों का त्वरित, सरल और प्रभावी निपटारा किया जाएगा, जिससे पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिल सकेगी।
जिला प्रशासन ने पात्र पक्षकारों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना आवेदन अवश्य प्रस्तुत करें। यह अवसर उन लोगों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जो लंबे समय से अपने मामलों के अंतिम समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
स्पेशल लोक अदालत का उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या कम करना, पक्षकारों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराना तथा आपसी सहमति से विवादों का स्थायी एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए पात्र पक्षकार इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए 31 जुलाई 2026 तक अपना आवेदन अवश्य जमा करें।




