“खनिज माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 1620 घनमीटर अवैध रेत जब्त”……

कोरबा, 24 जून 2026 :_ जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग द्वारा लगातार की जा रही सख्त कार्रवाइयों से खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश एवं उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में बुधवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग द्वारा गठित विशेष उड़नदस्ता दल ने जिले के विभिन्न संवेदनशील एवं संदिग्ध क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान सलिहाभाटा, भैसामुड़ा, कटबिटला, कुदमुरमाल, सोनपुरी सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, पोड़ी, कछार, चुहिया, बाल्को, कसनिया, कटघोरा सहित अनेक क्षेत्रों में सघन निरीक्षण किया गया।

अभियान के दौरान अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते पाए गए 1 टीपर एवं 2 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। बरमपुर, राताखार एवं कसनिया क्षेत्रों से पकड़े गए इन वाहनों को नियमानुसार जब्त कर सर्वमंगला पुलिस चौकी, रामपुर थाना तथा खनिज जांच चौकी रामपुर-कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग द्वारा संबंधित वाहन मालिकों एवं संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

इतना ही नहीं, कार्रवाई के दौरान अवैध रेत भंडारण के बड़े मामलों का भी खुलासा हुआ। कछार क्षेत्र में 600 घनमीटर एवं 720 घनमीटर रेत के दो अवैध भंडारण तथा सोनपुरी क्षेत्र में 300 घनमीटर रेत के एक अन्य अवैध भंडारण को जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 1620 घनमीटर अवैध रूप से संग्रहित रेत को विभाग ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा अन्य प्रासंगिक वैधानिक प्रावधानों के तहत दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार के अवैध उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
खनिज विभाग की इस लगातार और प्रभावी कार्रवाई से जिले में सक्रिय अवैध खनन कारोबारियों में भय का माहौल है। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक तीव्रता से जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
जिला प्रशासन की इस सख्त मुहिम को आम जनता द्वारा भी सराहा जा रहा है। लोगों का मानना है कि ऐसी निरंतर कार्रवाई से अवैध खनन पर अंकुश लगेगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा शासन के राजस्व की रक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।




