बिजली संकट पर सांसद ज्योत्सना महंत का सख्त रुख, अधिकारियों को दिए तत्काल सुधार के निर्देश “बिना सूचना बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं, उपभोक्ताओं को मिले बेहतर सुविधा” — सांसद ज्योत्सना महंत…..

कोरबा। जिले में लगातार सामने आ रही बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं को लेकर कोरबा सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों को व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
शुक्रवार को सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत कीर्ति नगर स्थित वरिष्ठ समाजसेवी श्री केदारनाथ अग्रवाल के निवास पहुंचीं, जहां उन्होंने उनके बड़े भाई स्वर्गीय श्री रामकिशन अग्रवाल के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित कर शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान टी.पी. नगर, तुलसी नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने सांसद के समक्ष लंबे समय से चली आ रही बिजली आपूर्ति संबंधी समस्याओं को विस्तार से रखा।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि बिना किसी पूर्व सूचना के दिन और रात में कई बार बिजली आपूर्ति बाधित कर दी जाती है। बार-बार होने वाली कटौती से विद्यार्थियों की पढ़ाई, व्यापारिक गतिविधियों, घरेलू कार्यों, पेयजल व्यवस्था तथा छोटे उद्योगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। नागरिकों ने यह भी शिकायत की कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समय पर समाधान नहीं हो पाता और कई बार घंटों तक बिजली बहाल नहीं होती।
लोगों ने बताया कि बिजली विभाग में कर्मचारियों की कमी के कारण फॉल्ट सुधार कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई स्थानों पर लाइनमैन और तकनीकी कर्मचारियों की संख्या पर्याप्त नहीं होने से उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है। नागरिकों ने विभागीय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी।
जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने तत्काल मौके से ही तुलसी नगर जोन के संबंधित अधिकारी श्री अनंत से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, अनावश्यक बिजली कटौती पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को पूर्व सूचना देने की प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।
सांसद ने अधिकारियों से कहा कि विभाग में आवश्यकतानुसार तकनीकी एवं फील्ड कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी गंभीरता से कार्य किया जाए, ताकि फॉल्ट होने पर शीघ्र मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली जैसी मूलभूत सेवा में किसी भी प्रकार की ढिलाई आम जनता के हितों के विपरीत है और इसे हर हाल में सुधारना आवश्यक है।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी जनसमस्या को संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा और उसके त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराना आवश्यक है और इस दिशा में हर संभव पहल की जाएगी।
सांसद की इस त्वरित पहल से उपस्थित नागरिकों ने संतोष व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि अब बिजली विभाग द्वारा व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएंगे और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।




