चरित्र शंका में पत्नी की निर्मम हत्या: पसान पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को दबोचा, भेजा जेल…..

कोरबा/पसान। जिले के पसान थाना क्षेत्र में पत्नी की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर एवं अनुभागीय पुलिस अधिकारी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे के नेतृत्व में पसान पुलिस ने हत्या के इस गंभीर मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
मामला क्या है
प्रार्थी नन्नू कूजूर (20 वर्ष), निवासी साजाकछार सारिसमार, थाना पसान ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 9 मार्च 2026 की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच वह अपने चाचा राजूलाल कूजूर के घर मुर्गा-भात खाकर वापस अपने घर चला गया था।

इसी दौरान रात में आरोपी राजूलाल कूजूर का अपनी पत्नी उर्मिला बाई से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर लकड़ी के बहिंगा (डंडे) से पत्नी के सिर पर कई वार किए और उसका सिर दीवार में पटक दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उर्मिला बाई की रात करीब 3 बजे दर्दनाक मौत हो गई।

सुबह दी घटना की जानकारी
10 मार्च की सुबह लगभग 7 बजे आरोपी ने ही घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रार्थी मौके पर पहुंचा, जहां उर्मिला बाई घर के भीतर मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। उसके सिर और मुंह पर गंभीर चोट के निशान थे तथा दीवार पर भी खून के धब्बे पाए गए।
चरित्र शंका में की हत्या
मामले की रिपोर्ट पर थाना पसान में आरोपी राजूलाल कूजूर (37 वर्ष) निवासी सारिसमार के विरुद्ध अपराध क्रमांक 58/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट कोरबा के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस द्वारा कड़ी पूछताछ करने पर आरोपी ने पत्नी पर चरित्र शंका के चलते डंडे से पीट-पीटकर हत्या करना स्वीकार कर लिया।
चंद घंटों में गिरफ्तारी
पुलिस को पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी राजूलाल कूजूर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी चंद्रपाल खांडे, प्रधान आरक्षक 335, आरक्षक कमल, राहुल बघेल, रतन राठौर सहित थाना पसान पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




