खनिज माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार सहित कई क्षेत्रों में 9 वाहन जब्त……
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर खनिज विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई, अवैध परिवहन करने वालों में मचा हड़कंप

कोरबा, 28 जुलाई 2026। :- जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश तथा उप संचालक, खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीमों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ छापामार कार्रवाई करते हुए कुल 9 वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग द्वारा गठित विशेष उड़नदस्ता दलों ने सीतामढ़ी, बरमपुर, राताखार, कुसमुंडा एवं कटघोरा सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के रेत, गिट्टी एवं ईंट का परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित वाहनों को तत्काल जब्त कर लिया गया।
रेत, गिट्टी और ईंट के अवैध परिवहन पर शिकंजा, लगातार जारी रहेगा विशेष अभियान
कार्रवाई के दौरान सीतामढ़ी क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर, बरमपुर से रेत से भरा 1 टीपर, राताखार से गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 2 हाइवा तथा रेत का परिवहन कर रहा 1 टीपर, कुसमुंडा से ईंट का अवैध परिवहन कर रहे 2 ट्रैक्टर और कटघोरा से रेत का अवैध परिवहन कर रहा 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 9 वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जब्त किए गए वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से सिटी कोतवाली थाना, सर्वमंगला पुलिस चौकी, कुसमुंडा थाना, दर्री थाना तथा खनिज जांच चौकी कटघोरा की अभिरक्षा में रखा गया है। संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। विभाग का कहना है कि अवैध खनन न केवल प्राकृतिक संसाधनों का दोहन करता है, बल्कि इससे शासन को भारी राजस्व हानि भी होती है और पर्यावरण पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। इसी कारण ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
विभाग ने बताया कि दोषियों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा अन्य लागू वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर जुर्माना, वाहन राजसात करने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
जिला प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में भी जिलेभर में इसी तरह के सघन जांच अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस लगातार हो रही कार्रवाई को अवैध खनिज कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खनिज विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।




