https://diwanexpressnews.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifक्राइमछत्तीसगढ़टेक्नोलॉजीटॉप न्यूज़देशराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

कोरबा-बिलासपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक से भिड़ी यात्री बस, 15 गंभीर घायल, चालक केबिन में फंसा…..

पाली (कोरबा), 17 जून। कोरबा-बिलासपुर राष्ट्रीय मार्ग पर पाली के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक और शिव ट्रेवल्स की यात्री बस आमने-सामने भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाई चालक की जान

हादसे की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर भारी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। समय पर किए गए इस राहत एवं बचाव कार्य से चालक की जान बचाई जा सकी।

40 से 50 यात्री थे सवार, 15 की हालत गंभीर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी, जिसमें लगभग 40 से 50 यात्री सवार थे। भीषण टक्कर का सबसे अधिक असर बस के अगले हिस्से पर पड़ा, जिससे सामने बैठे लगभग 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं।

108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल

घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पाली पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा घायलों का उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की भी तैयारी की गई।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण मानी जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने तत्परता से सामान्य करा दिया।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की गंभीर आवश्यकता की ओर संकेत करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!