सही दवा–शुद्ध आहार अभियान: वैक्सीन स्टोरेज और कोल्ड चेन पर प्रशासन की कड़ी नजर……

कोरबा, 04 मई 2026 जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और गुणवत्तायुक्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित “सही दवा–शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान अब तेज़ी से प्रभाव दिखा रहा है। 27 अप्रैल से 11 मई तक चल रहे इस 15 दिवसीय सघन जांच अभियान के द्वितीय चरण में जिला कोरबा में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
कलेक्टर के निर्देशन एवं सहायक औषधि नियंत्रक के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम द्वारा खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व और पुलिस विभाग के साथ मिलकर शासकीय एवं निजी अस्पतालों में वैक्सीन स्टोरेज और कोल्ड चेन सिस्टम का व्यापक निरीक्षण किया गया।

🔍 इन संस्थानों में हुई सघन जांच
निरीक्षण के दौरान शहर के प्रमुख निजी एवं शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों को जांच के दायरे में लिया गया, जिनमें—
श्री तिरुपति मेडिकल एजेंसी (निहारिका)
पैसिफिक मेडिकल स्टोर्स, स्वेता हॉस्पिटल (रिस्दी)
डॉ. एस.के. अग्रवाल चाइल्ड क्लिनिक (निहारिका)
मधुशील मेडिको (निहारिका)
कृष्णा हॉस्पिटल (मंगलम विहार)
एन.के.एच. हॉस्पिटल (कोसाबाड़ी)
जिला अस्पताल वैक्सीन स्टोरेज सेंटर
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रानी धन कुंवर
⚠️ निरीक्षण में सामने आई कमियां
जांच के दौरान वैक्सीन के तापमान नियंत्रण, स्टॉक मिलान एवं क्रय-विक्रय दस्तावेजों की गहन समीक्षा की गई। कुछ केंद्रों में फ्रिज से जुड़े अलार्म सिस्टम सही ढंग से कार्यरत नहीं पाए गए, जिस पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, कुछ स्थानों पर तापमान लॉगबुक के नियमित संधारण और तापमान प्रदर्शन प्रणाली में भी लापरवाही सामने आई। टीम ने सभी केंद्रों को वैक्सीनेशन के बाद संभावित दुष्प्रभावों की निगरानी हेतु रजिस्टर अनिवार्य रूप से संधारित करने के निर्देश दिए।
⚙️ सुधार के लिए सख्त निर्देश
निरीक्षण में सभी संस्थानों में आईएलआर (ILR) और डीप फ्रीजर का उपयोग पाया गया, लेकिन पावर बैकअप, वैक्सीन कैरियर एवं तापमान निगरानी प्रणाली को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि वैक्सीन का विक्रय निर्धारित मानकों और नियमों के अनुसार ही किया जाए।
🎯 अभियान का उद्देश्य और आगे की रणनीति
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य—
नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त दवाएं उपलब्ध कराना
अवैध औषधि विक्रय पर नियंत्रण
औषधि एवं प्रसाधन सामग्री से जुड़े कानूनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना
आने वाले दिनों में कोटपा अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई, नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए मेडिकल स्टोर्स की जांच और व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
📌 प्रशासन का लक्ष्य
जिला प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि कोरबा जिले में दवा एवं वैक्सीन वितरण प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और मानकों के अनुरूप बने, ताकि हर नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।



