https://diwanexpressnews.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifक्राइमछत्तीसगढ़टेक्नोलॉजीटॉप न्यूज़देशराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

बिजली कर्मियों से मारपीट और जानलेवा धमकी का मामला: कटघोरा पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपी पर कसा शिकंजा…..

कोरबा/कटघोरा, 15 जून :_  कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र स्थित विद्युत विभाग के बिड़रा सब-स्टेशन में कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर मामले में कटघोरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों में आक्रोश के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित (सीएसपीडीसीएल) के कनिष्ठ यंत्री द्वारा थाना प्रभारी कटघोरा को लिखित शिकायत सौंपकर बताया गया कि 12 जून 2026 की रात लगभग 9 बजे बिड़रा सब-स्टेशन में ड्यूटी के दौरान एक व्यक्ति ने परिसर में घुसकर ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर के साथ अभद्र व्यवहार किया।

 

विद्युत सब-स्टेशन में घुसकर गाली-गलौज, कर्मचारियों से मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने ऑपरेटर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और सब-स्टेशन के मुख्य गेट को तोड़ने का भी प्रयास किया। कर्मचारियों द्वारा समझाने की कोशिश करने पर आरोपी ने विभागीय अधिकारियों के प्रति भी अपशब्द कहे और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। घटना से सब-स्टेशन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा विद्युत आपूर्ति संचालन भी प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हो गई।

विद्युत विभाग ने अपने शिकायत पत्र में उल्लेख किया है कि इस तरह की घटनाओं से कर्मचारियों में भय का वातावरण बन रहा है और विद्युत लाइन से जुड़े जोखिमपूर्ण कार्यों का संचालन करना कठिन होता जा रहा है। विभाग ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

कटघोरा पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

विद्युत विभाग की शिकायत पर कटघोरा थाना में एफआईआर क्रमांक 0201/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 296, धारा 351(3) तथा धारा 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 12 जून 2026 की रात 9 बजे बिड़रा सब-स्टेशन में हुई थी, जबकि शिकायत के आधार पर 13 जून 2026 को दोपहर 2:44 बजे एफआईआर दर्ज की गई।

सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने सरकारी कार्यालयों एवं आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्युत विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होगा और आवश्यक सेवाओं के संचालन में भी बाधा उत्पन्न हो सकती है।

फिलहाल कटघोरा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!